मुजफ्फरनगर: शादी के 20 दिन बाद मायके आई विवाहिता पड़ोसी प्रेमी के साथ गई

मुजफ्फरनगर। खालापार में एक युवती का पड़ोसी कैफ के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों को पता चला तो उन्होंने जबरन उसकी शादी कहीं और कर दी। अब वह मायके आई तो प्रेमी के साथ चली गई। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।

एक नव विवाहिता अपने मायके वालों को रात में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर चार लाख के जेवर व नगदी लेकर प्रेमी संग चली गई। परिजनों ने युवक व उसके परिजनों के खिलाफ बेटी को अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना खालापार में मुकदमा दर्ज कराया है।

थाना खालापार के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती का पिछले काफी समय से मोहल्ले में ही रहने वाले कैफ के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। यह जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसकी शादी दूसरे युवक के साथ 26 अगस्त को कर दी थी। युवती ससुराल चली गई थी।

आरोप है कि वह 12 सितंबर को ससुराल से मायके में परिजनों से मिलने के लिए आई थी। रात में उसने परिजनों को चाय व खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। अगले दिन होश में आने पर परिजनों को बेटी घर पर नहीं मिली। घर में रखे चार लाख रुपये के जेवर व तीस हजार रुपये भी अपने साथ ले गई।

आरोप है कि उनकी बेटी को उसके प्रेमी ने नशीला पदार्थ लाकर दिया था। वही अपने परिजनों की मदद से उनकी बेटी को बहला-फुसला कर अपहरण कर ले गया है। खालापार थाना पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर युवती व आरोपियों की तलाश की जा रही है।