मुजफ्फरनगर पुलिस का त्योहारों के मद्देनजर अभियान: हाईवे पर वाहनों की सघन चेकिंग

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया है। यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

एसएसपी संजय वर्मा के आदेश पर एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन और हाईवे पर गश्त के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले वाहनों की भी सुरक्षा कारणों से जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा कवच के तहत पुलिस को क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए हैं।

छपार क्षेत्र के चौराहों पर चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य की जा रही है। मुजफ्फरनगर में पुलिस ने पहले ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ अभियान भी चलाया था, जिसमें काफी सफलता मिली थी। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।