मुजफ्फरनगर: ‘नशा देकर रेप किया फिर धर्म बदलने को कहा’, हिंदू टीचर ने वसीम और जावेद पर दर्ज कराया केस

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक हिंदू अध्यापिका ने गांव के दो युवकों पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

नशीला पदार्थ खिलाकर रेप करने का आरोप
रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेड़ी गांव निवासी अध्यापिका अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और तहरीर देकर बताया कि गांव के वसीम और जावेद पहले से उसे परेशान करते थे। आरोप है कि दोनों ने तमंचे के बल पर उसे नशीला पदार्थ खिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली, जिसके आधार पर लगातार उसे ब्लैकमेल किया जाता रहा।

धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव
युवती ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी वसीम उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाता था। पीड़िता के अनुसार आरोपी कहता था कि उसे फुलत गांव के एक मदरसे में ले जाकर धर्म परिवर्तन कराया जाएगा, इसके बदले 50 हजार रुपये मिलेंगे और बाद में हैदराबाद ले जाकर निकाह किया जाएगा। विरोध करने और परिवार को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़िता का यह भी कहना है कि बुधवार सुबह आरोपी पक्ष की महिलाएं उसके घर पहुंचीं और समझौते के लिए पैसे देने की पेशकश की। उन्होंने कथित तौर पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया। युवती ने कहा कि कई महीनों तक डर की वजह से उसने किसी को घटना नहीं बताई, लेकिन अब न्याय की उम्मीद में पुलिस से शिकायत की है। इस मामले में पुलिस ने वसीम, जावेद, वसीम की मां और बहन मैना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रतनपुरी क्षेत्र से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।