मुजफ्फरनगर: मजदूर की बेटी सानवी ने इंटर में 90% अंक लाकर जिले में पाया दूसरा स्थान

मुजफ्फरनगर। कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान हो, तो गरीबी और अभाव कभी तरक्की का रास्ता नहीं रोक सकते। इसे सच कर दिखाया है मोरना ब्लॉक के गांव बेलडा निवासी सानवी ने। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में सानवी ने पूरे मुजफ्फरनगर जनपद में द्वितीय (दूसरा) स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन कर दिया है।

500 में से बटोरे 450 अंक
जनता इंटर कॉलेज भोपा की मेधावी छात्रा सानवी ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने कुल 500 अंकों में से 450 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सानवी ने न केवल इस बार टॉप किया है, बल्कि इससे पहले हाईस्कूल की परीक्षा में भी उन्होंने अपने कॉलेज में टॉप कर अपनी मेधा का परिचय दिया था।

पिता की मेहनत को मिला बेटी का उपहार
सानवी की इस सफलता के पीछे उनके पिता अनुज कुमार का कड़ा संघर्ष है। अनुज कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। सानवी की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनकी माता डोली, दादा महिपाल, बड़ी बहन प्रियांशी और छोटी बहन परिधि की आँखों में खुशी के आँसू हैं। ताई ममता और भाइयों ने सानवी को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

गांव में जश्न का माहौल
जैसे ही सानवी के जिला टॉपर बनने की खबर बेलडा गांव पहुँची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के गणमान्य व्यक्तियों और ग्रामीणों ने सानवी के घर पहुँचकर उसे आशीर्वाद दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सानवी ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।