मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के व्यस्ततम इलाके महावीर चौक पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ऑक्सीजन गैस एजेंसी में अचानक सिलेंडर विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास की तीन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और एजेंसी मालिक घायल हो गया। गनीमत रही कि वहां रखे अन्य सिलेंडरों में विस्फोट नहीं हुआ, वरना हादसा ज्यादा गंभीर हो जाता।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कुमार ऑक्सीजन गैस एजेंसी की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए धमाके से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत में दुकानों से बाहर निकल आए। धमाके के कारण एजेंसी की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि हादसे के समय एजेंसी के अंदर करीब एक दर्जन भरे और खाली ऑक्सीजन सिलेंडर मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि बाकी सिलेंडर सुरक्षित रहे। यदि एक के बाद एक सिलेंडर फटते, तो यह हादसा बड़े विस्फोट में बदल सकता था, खासकर इसलिए क्योंकि यह इलाका बेहद भीड़भाड़ वाला है।
मौके पर पहुंचे एसएसपी
सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा पुलिस और दमकल विभाग की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके को खाली कराया गया और राहत कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने घायल एजेंसी मालिक नरेंद्र कुमार को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि एजेंसी में ऑक्सीजन के साथ अमोनिया गैस भी रखी हुई थी, जिससे हल्का रिसाव महसूस किया गया। हालांकि, दमकल विभाग ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया और बाकी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकलवा दिया।
क्या बोले एसएसपी?
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मौके पर बताया कि विस्फोट काफी तेज था, लेकिन सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि एजेंसी का लाइसेंस काफी पुराना है और मामले की जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि क्षतिग्रस्त भवन की दीवार या छत गिर सकती है, इसलिए एहतियातन लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई है और घायल को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर सिलेंडर फटने की वजह क्या थी।