मुजफ्फरनगर की नेहा अंसारी बनी ‘नेहा कुमारी’, मंदिर में रचाई शादी

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक प्रेम कहानी ने नया मोड़ ले लिया है। मुजफ्फरनगर की रहने वाली नेहा अंसारी ने पांच साल तक प्रेमी के साथ रहने के बाद हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह कर ली है। युवती ने खुद वीडियो जारी कर न सिर्फ अपने धर्म परिवर्तन की घोषणा की, बल्कि परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी सुरक्षा की मांग भी की है।

बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित हरपुर बहरुआ निवासी सुरजीत गौतम ने बताया कि कुछ साल पहले वह नौकरी के सिलसिले में मुजफ्फरनगर गए थे। वहीं उसकी मुलाकात नेहा से हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।

लेकिन नेहा के मायके वालों का विरोध लगातार बढ़ता गया। शादी की बात जैसी ही उठी, परिवार ने कड़ा ऐतराज़ जताया, जिसके चलते नेहा को कई तरह के मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा।

बरेली के मंदिर में लिए सात फेरे

नेहा ने परिवार का विरोध झेलते हुए प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया और वो सुरजीत के साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर चली गई। दोनों वहीं लगभग पाँच वर्षों से एक साथ रह रहे थे। शनिवार को यह प्रेमी युगल बरेली पहुँचा और एक मंदिर में वेद मंत्रों के बीच विवाह संपन्न किया। वीडियो में दोनों को फेरे लेते और शादी के बाद मंदिर से बाहर आते देखा जा सकता है।

नेहा बनी ‘नेहा कुमारी’

नेहा ने अपने बयान में कहा कि उसने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपना लिया है और अब उसका नया नाम नेहा कुमारी है। युवती ने अपने पहले परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी मां किसी और के साथ चली गई थी और पिता उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे।

नेहा ने वीडियो में स्पष्ट कहा है कि उसे अपने परिवार वालों से जान को खतरा है और अगर उसके साथ कुछ होता है तो जिम्मेदार उसके ही घर वाले होंगे। उसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।