मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने गाड़ियों की चोरी करने वाले एक ऐसे इंटरनेशनल गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने दिल्ली-NCR से 100 से ज्यादा लग्जरी SUV चुराईं। ये लोग नीलामी में दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां खरीदते थे और उनकी पहचान (इंजन और चेसिस नंबर) चुराई गई गाड़ियों में लगाकर उन्हें म्यांमार भेज देते थे। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगी थी।
मुजफ्फरनगर में गिरोह से बरामद थार और स्कॉर्पियो
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह महंगी SUV, खासकर महिंद्रा थार और स्कॉर्पियो मॉडल को निशाना बनाता था, जिनकी म्यांमार में बहुत ज्यादा मांग है। SSP संजय कुमार वर्मा के अनुसार, चोरी की गाड़ियों को गिरोह पश्चिम बंगाल, बिहार, असम और मणिपुर के रास्ते म्यांमार ले जाता था, जहां उन्हें अच्छी कीमत मिलती थी।
इंजन और चेसिस नंबर चोरी वाली कार में लगा देते थे
बुढ़ाना थाने के SHO सुभाष अत्री ने बताया कि गिरोह गाड़ियों के सिक्योरिटी सिस्टम को बायपास करने के लिए एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करता था। वे नीलामी में दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां खरीदते थे। उनके इंजन और चेसिस नंबर निकालकर चोरी की गई कारों में लगा देते थे। जाली रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट और नकली नंबर प्लेट की वजह से ट्रांसपोर्टेशन और दोबारा बिक्री के दौरान ये गाड़ियां असली लगती थीं।
पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल
पुलिस को खबर मिली थी गिरोह के सदस्य बुढ़ाना में एक सुनसान इमारत के पास किसी डील के लिए इकट्ठा होने वाले हैं। जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हरिद्वार का रहने वाला राजू सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने बुलंदशहर के अनिल, मोहित कौशिक और आसनसोल के आसिफ कमाल को अरेस्ट कर लिया।
मणिपुर सीमा पर एक्टिव सदस्य की हो रही तलाश
SHO ने बताया कि गिरोह का एक और मुख्य सदस्य, जिसके मणिपुर बॉर्डर के पास सक्रिय होने की आशंका है, अभी भी फरार है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच करने वाले अधिकारी पैसों के लेन-देन का पता लगा रहे हैं।
यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ UP, दिल्ली, उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो मुख्य रूप से गाड़ी चोरी, हत्या की कोशिश, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत अपराधों से जुड़े हैं।
थार, स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार बरामद
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने 100 से ज्यादा गाड़ियों की तस्करी करने की बात कबूल की। पुलिस ने 1 करोड़ रुपये कीमत की चोरी की पांच गाड़ियां बरामद कीं। इनमें महिंद्रा थार, महिंद्रा स्कॉर्पियो और दो मारुति सुजुकी ब्रेजा शामिल हैं। इसके अलावा, दो पिस्टल, कारतूस, नकली नंबर प्लेट और खास इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी बरामद किए गए।