मुजफ्फरनगर। जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लगातार मृत गोवंश मिलने की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हिंदू संगठनों में भी आक्रोश है और वे पुलिस से निष्पक्ष व गहन जांच की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के चरथावल–मिमलाना रोड स्थित काली नदी में चार से पांच गोवंश मृत अवस्था में पाए जाने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी बजरंग दल के नेताओं को दी, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को सूचित किया।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीम काली नदी में गोवंश को बाहर निकालने में जुट गई।
घटनास्थल पर मौजूद बजरंग दल के नेता कार्तिक जौहरी ने कहा कि जनपद के कई क्षेत्रों में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उनका मानना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह द्वारा गोकशी कर शव नदी में फेंके जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।