मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मौत के बाद महिला का ऑडियो सामने आया है। जिसमें वह अपने पिता से कह रही है। पापा मुझे बचा लो ये लोग मुझे मार डालेंगे। वायरल ऑडियो महिला की मौत से कुछ घंटे पहले का बताया जा रहा है। मृतका के पिता ने मामले में बेटी के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
वायरल ऑडियो में स्नेहा अपने पिता से कहती सुनाई दे रही है कि घर में रोटी कम बनने की बात को लेकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। वह फोन पर कहती है कि पापा… ये लोग मुझे मार देंगे…ऑडियो में पिता भी बेटी से नाराजगी जताते हुए कहते हैं कि जब उसे आकाश ही इतना पसंद था तो उसने परिवार की बात क्यों नहीं मानी। बातचीत के दौरान पिता बताते हैं कि वह काम के सिलसिले में बाहर हैं और तुरंत नहीं आ सकते। आखिर में दोनों के बीच यह तय होता है कि स्नेहा किसी तरह अपनी मां के पास चली जाए, फिर आगे की बात की जाएगी।
लेकिन यह बातचीत पिता-बेटी की आखिरी बातचीत साबित हुई। अगले ही दिन यानी 28 जून की सुबह परिजनों को फोन कर स्नेहा की मौत की सूचना दी गई।
मृतका के पिता दीपक कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पति आकाश, सास, जेठ रजत, चाचा प्रमोद धनगर समेत ससुराल पक्ष के लोग 20 लाख रुपये और कार की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करते थे।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पिता का कहना है कि उनकी बेटी कई बार फोन पर अपने साथ हो रही मारपीट की जानकारी देती थी और उसके ऑडियो भी उनके पास मौजूद हैं। घटना के बाद अस्पताल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्नेहा को गोद में उठाकर अस्पताल ले जाया जा रहा है।