मुजफ्फरनगर। मुस्लिम समाज के व्यक्ति को मकान बेचने पर लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जैन समाज के दो भाइयों ने अपने-अपने मकान बेचे हैं। इनमें एक मकान हिंदू तथा दूसरा मकान मुस्लिम व्यक्ति ने खरीदा है। इस पर लोगों ने सामूहिक रूप से एकत्र होकर विरोध जताया, कहा कि मोहल्ला हिंदू बहुल है।
यहां मुस्लिमों को मकान नहीं लेने दिया जाएगा। लोगों ने हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मकान पर जंजीर डालकर ताला लगा दिया। आरोप लगाया कि मकान के भीतर कछुए भी रखे गए हैं। इसकी वन विभाग गहनता से जांच कराए।
दक्षिणी कृष्णापुरी में दो भाई अंकित व अर्पित जैन रहते थे। दोनों के मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं, जो उनकी मां के नाम पर हैं।
इरफान को बेचा घर
अंकित जैन ने अपना मकान इसी वर्ष मार्च में इरफान को 30 लाख रुपये से अधिक में बेच दिया, जबकि उनके भाई अर्पित जैन ने अप्रैल में हिंदू व्यक्ति को मकान बेचा है।
अंकित ने 21 जून को मकान खाली कर दिया, उसके बाद खरीदार मुस्लिम व्यक्ति ने मकान पर आने के बाद सफाई कराई। इसकी भनक मोहल्लेवासियों को लगी तो जांच कराई।
हिंदू संगठनों ने किया हंगामा
शनिवार शाम को हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार, अखिल भारतीय हिंदू शक्तिदल के अरुण प्रताप, विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा के साथ मिलकर मोहल्ले के लोगों ने मुस्लिम को बेचे गए मकान पर जंजीर डालकर ताला लगा दिया, इसके बाद मोहल्ले में कुर्सियां डालकर मकान के बाहर बैठ गए। मुस्लिम को मकान बेचने का विरोध जताते हुए हंगामा किया। वार्ड सभासद राजीव शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि कृष्णापुरी हिंदू बहुल मोहल्ला है, ऐसे में दोनों भाइयों को मकान बेचने से कॉलोनी में वार्ता करनी चाहिए थी। किदवईनगर पुलिस चौकी प्रभारी राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।