मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए हिस्ट्रीशीटरों की थाने में परेड कराई। फुगाना और तितावी थाना क्षेत्र के कुल 35 हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर उनका सत्यापन किया गया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जेल भेजा जाएगा। साथ ही क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई और डोजियर को अपडेट किया गया। उनकी वर्तमान गतिविधियों का भी सत्यापन किया गया। जांच पूरी होने के बाद सभी को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी थानों में हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है और उनकी निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि जो हिस्ट्रीशीटर क्षेत्र से बाहर या लापता हैं, उनकी तलाश के लिए भी पुलिस टीमें सक्रिय की गई हैं। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी हिस्ट्रीशीटरों का शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा नहीं हो जाता।