मुजफ्फरनगर में फौजी ने की दो साथियों संग अधेड़ की हत्या

मुजफ्फरनगर। छुट्टी पर आए फौजी ने दो साथियों के साथ मिलकर अनुसूचित जाति के अधेड़ की गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को गंग नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित फौजी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। दो आरोपितों की तलाश की जा रही है।

फौजी समेत तीन लोगों ने अधेड़ की हत्या कर शव गंगनहर में फेंका
रामराज थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी अनुसूचित जाति के 50 वर्षीय सुरेश कुमार 16 अप्रैल की शाम से लापता थे। स्वजन उनको तलाश रहे थे। पुलिस को भी सूचना दी थी। पुलिस ने छानबीन की और सीसीटीवी की फुटेज देखी। उसके आधार पर मेरठ के गांव सैफपुर फिरोजपुर निवासी विकुल गुर्जर को पकड़ा।

विकुल सेना में जवान है और अभी छुट्टी लेकर घर आया था घर
विकुल सेना में जवान है और जम्मू कश्मीर में तैनात है। वह 13 अप्रैल को छुट्टी लेकर घर आया था। विकुल और उसके दो साथियों ने 16 अप्रैल की शाम को कार में शराब पी। मीरापुर से रामराज की तरफ जाते समय ईंट भट्ठे के बाहर खड़े सुरेश से इन्होंने कुछ देर बातचीत की। फिर उन्हे कार में बैठाकर ले गए और गला घोंटकर हत्या कर दी।