मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 20 हजार रुपये का इनामी और डकैती कांड में वांछित अपराधी शिवम उर्फ मोटा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश सहारनपुर जनपद के नकुड़ क्षेत्र का निवासी है। वह हाल ही में कोतवाली नगर क्षेत्र के पिन्ना गांव में हुई डकैती की घटना में शामिल था। यह घटना 4 अप्रैल 2024 को रवि के घर में हुई थी, जहां बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर जमीन में गड़े लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे।
इस डकैती कांड का खुलासा करते हुए पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन शिवम उर्फ मोटा फरार चल रहा था। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश शिवम इलाके में देखा गया है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। बरामद जेवरात का मिलान संबंधित पीड़ित परिवार से कराया जाएगा।