मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये का इनामी गौकश महबूब घायल हो गया। उसके साथी नरेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से तमंचे और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात करीब 10 बजे सिसौना पुलिया के पास हुई। मंडी पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी बागोंवाली की ओर से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर बारिश से गीला रास्ता होने के कारण बाइक फिसल गई। बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
जवाबी फायरिंग में महबूब के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कॉम्बिंग के दौरान उसके साथी नरेश पुत्र दिलेराम निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना चरथावल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, दो खोखा, एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक, दो छुरियां, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका, एक पल्ली और रस्सियों के टुकड़े बरामद हुए हैं।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि घायल महबूब पुत्र महमूद निवासी मदीना कॉलोनी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गौवध अधिनियम के मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी मुजफ्फरनगर ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।