मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 20 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादाब ने 14 सितंबर को अपने भाई महताब उर्फ कल्लू के साथ मिलकर एक सर्राफा व्यापारी और उनके पोते से लूटपाट की थी।
बुढ़ाना एसएचओ सुभाष अत्री के अनुसार, सर्राफा व्यापारी नेमचंद वर्मा अपने पोते के साथ मोटरसाइकिल पर दुकान जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनका बैग लूट लिया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, 4000 रुपये और एक मोबाइल फोन था।
21 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम पापुलर बाग पहुंची। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। वह ईख के खेत में छिपने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर ली। आरोपी ने फिर से गोली चलाई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है। उसके पास से लूटे गए चांदी के आभूषण और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शादाब का आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर लूट, शस्त्र अधिनियम और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।