मुजफ्फरनगर में भी गैस कालाबाजारी पर छापाः दुकान से मिले इतने सिलेंडर

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में रसोई गैस की कमी की अफवाहों के बीच जिला पूर्ति विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। शुक्रवार शाम को सटीक सूचना मिलने पर विभाग की टीम ने पुलिस के साथ शामली रोड स्थित कुंदनपुरा मोहल्ले में एक दुकान पर छापेमारी की।

पूर्ति निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव और शामली स्टैंड चौकी प्रभारी देवपाल सिंह की संयुक्त टीम ने राजकिशोर गर्ग की दुकान पर छापा मारा। बाहर से यह दुकान मोबाइल रिचार्ज और बैंकिंग ट्रांजेक्शन सेंटर के रूप में संचालित हो रही थी, जिस पर एयरटेल का बोर्ड लगा था। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से 12 खाली गैस सिलेंडर, 2 छोटे सिलेंडर और कुछ गैस चूल्हे बरामद हुए।

अधिकारियों ने आशंका जताई है कि भरे हुए सिलेंडर सुबह ही ऊंची कीमत पर बेच दिए गए थे, जिसके कारण केवल खाली सिलेंडर ही मिले। पूछताछ में दुकानदार राजकिशोर गर्ग सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने दुकानदार राजकिशोर गर्ग को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

जिला पूर्ति विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें। विभाग के अनुसार, एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।