मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की जा रही है। जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन दो पालियों में यह परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है।
पहले दिन क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस की तैनाती और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, अभ्यर्थियों के लिए पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का लक्ष्य है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हो। अभ्यर्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने और सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई है।