मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर को एक सर्राफा व्यापारी और उनके पोते से लूट की वारदात हुई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने मंदवाड़ा रोड पर दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा कारोबारी रामलाल (60) और उनके पोते अंकित (25) को तमंचे के बल पर रोका।
बदमाशों ने दोनों को पास के खेत में ले जाकर हाथ-पैर बांध दिए। उनके पास से 7 तोले सोना, 2.5 किलोग्राम चांदी और 4 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने अंकित पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के अनुसार यह एक सुनियोजित लूट प्रतीत हो रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।