मुजफ्फरनगर में रोड की रफ्तार पर लगेगा ब्रेक; सपा जिलाध्यक्ष ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। ग्राम बझेड़ी के बीच से गुजरने वाली सिसौना रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार ग्रामीणों के लिए लगातार खतरा बनती जा रही है। सड़क पर दिनभर भारी और हल्के वाहनों का आवागमन रहता है, लेकिन गांव की आबादी वाले हिस्से में एक भी स्पीड ब्रेकर न होने के कारण आए दिन हादसों का डर बना रहता है। इसी समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की इस सड़क से वाहन चालक तेज गति से गुजरते हैं, जिससे गांव के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के सामने हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार सड़क हादसों में लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

ज्ञापन देने वालों में अनीस, समद, मोहम्मद साबिर, शमशाद, शहजाद, अनस गौर, शाहनवाज, मोनिस, गुलजार, सरताज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रतिदिन इसी सड़क को पार करना पड़ता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण अभिभावक हमेशा भय के साए में रहते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं को भी सड़क पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट ने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़कें बनाना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि गांव के बीच से गुजरने वाली सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाना प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते इस दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर गांव के आबादी क्षेत्र में वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और जल्द ही इस संबंध में उचित कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी गांव के लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

डीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द स्पीड ब्रेकर बन जाते हैं तो इससे गांव के बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब बझेड़ी गांव के लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, ताकि सिसौना रोड पर बेलगाम रफ्तार पर लगाम लग सके और दुर्घटनाओं का सिलसिला थम सके।