मुजफ्फरनगर। प्रेमिका से मिलने आए युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
दोपहर को प्रेमी युगल के स्वजन भी चौकी पर पहुंच गए। दोनों के एक ही जाति से होने के चलते स्वजन विवाह के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस चौकी में ही जयमाला हुई। शेष रस्म दोनों के स्वजन आपस में मिलकर पूर्ण कराएंगे।
पुलिसकर्मी घराती और बराती बनने के साथ खान-पान की व्यवस्था में लग गए। नवयुगल को नेग देकर जीवन की नई पारी शुरू करने की शुभकामना दी और विदा किया गया।
छपार के रामपुर तिराहा के मुहल्ला सुंदरनगर निवासी रोहन का नगर कोतवाली के गांव मलीरा निवासी युवती प्रियंका के साथ दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग था। गुरुवार को रोहन प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। उसे पड़ोसियों ने देख लिया और पकड़ लिया।
उसके भागने की आशंका को लेकर बाइक का पेट्रोल भी निकाल लिया। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। हंगामे की स्थिति बनने पर रोहन ने स्वजन को फोन पर सूचना दी। इससे पहले ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के सिपुर्द कर दिया। रोहाना पुलिस चौकी प्रभारी मोहित कुमार युवक को चौकी पर ले आए और पूछताछ की।
कुछ देर बाद युवक-युवती के स्वजन भी चौकी पर पहुंच गए। पहले तो दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव बना रहा। टकराव की स्थिति बन गई। उसके बाद दोनों के एक ही जाति से होने के चलते स्वजन विवाह के लिए राजी हो गए।
तत्काल ही पुलिस चौकी में शहनाई बज उठी। दारोगा मोहित कुमार ने प्रेमी युगल के लिए जयमाला मंगवाकर दोनों का विवाह कराया। चौकी प्रभारी दारोगा मोहित ने बताया कि जयमाला पहनाई गई थी।विवाह की शेष रस्म दोनों के स्वजन आपस में मिलकर पूर्ण कराएंगे। दोनों पक्षों में सहमति के बाद प्रेमी युगल को विदा किया गया।