मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने आबकारी निरीक्षकों की एक संयुक्त टीम के साथ रोहना कलां चीनी मिल और रोहाना कलां आसवनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान, उन्होंने क्षेत्र की शराब की दुकानों की भी गहन जांच की।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब की बिक्री और मिलावट पर अंकुश लगाना था। अधिकारी ने दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख और शराब की बोतलों की बारीकी से जांच की। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की गई।
यह अभियान मुख्य सचिव, आबकारी आयुक्त प्रयागराज, जिलाधिकारी और एसएसपी के दिशा-निर्देशों पर चलाया जा रहा है। आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह समय-समय पर स्वयं ऐसे चेकिंग अभियान चलाकर ओवर-रेटिंग और अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान, दुकानदारों को शासन के निर्देशों के अनुसार दुकानों का संचालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। आबकारी अधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध बिक्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।