मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित शेरनगर गांव में शुक्रवार को होलिका दहन स्थल पर मृत पशुओं के अवशेष फेंके जाने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही हिंदू संघर्ष समिति के नेता नरेंद्र पवार घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। नई मंडी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ मंडी राजू कुमार साव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिद्धपीठ शिव मंदिर के महंत कन्हैया गिरी से बातचीत की और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से मृत पशुओं के अवशेष हटवाए और पूरे क्षेत्र की सफाई कराई।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि अवशेष फेंकने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नरेंद्र पवार ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर शहर का माहौल खराब करने की साजिश कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।