मुजफ्फरनगर में बोरे में मिले शव का खुलासा, आशिक संग मिलकर की हत्या

पश्चिमी उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में शहर के सरवट नाले से बरामद हुए युवक के शव का रहस्य पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक की 12 साल पुरानी प्रेमिका और उसके नए प्रेमी को गिरफ्तार किया है. पुराने प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए दोनों ने गला दबाकर उसकी हत्या की थी और फिर शव को बोरे में भरकर फेंक दिया था.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह पुरकाजी के हरिनगर निवासी 32 वर्षीय जीवन कश्यप का शव सरवट फाटक के पास नाले से बरामद हुआ था. जांच में सामने आया कि गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर नाले में डाला गया था.

प्रेमिका और उसका नया प्रेमी गिरफ्तार
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और सीओ मंडी राजू साव के निर्देशन में मंडी कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सोनिया कश्यप और उसके प्रेमी सादिक निवासी हरसौली को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की गई है.

एसएसपी ने बताया कि महिला के मृतक जीवन से संबंध शादी से पहले से थे. कुछ साल पहले महिला के पति की मौत हो गई थी. इसी दौरान उसके संबंध गांव के ही सादिक से हो गए. सादिक गोवा में कपड़े सिलने का काम करता है. जब उसे सोनिया और जीवन के पुराने रिश्तों की जानकारी हुई तो वह इसका विरोध करने लगा.

रस्सी से घोंटा गला, प्रेमिका ने पकड़े पैर
पुराने रिश्ते से पीछा छुड़ाने के लिए सोनिया ने सादिक के साथ मिलकर जीवन की हत्या की योजना बनाई. योजना के तहत सोनिया ने जीवन को सरवट फाटक के पास स्थित अपने कमरे पर बुलाया. वहां सादिक पहले से छिपा हुआ था. जिसके बाद सादिक ने रस्सी से जीवन का गला कस दिया और सोनिया ने उसके पैर पकड़ लिए. जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई.

हत्या के बाद दोनों ने शव को बोरे में भरकर रात के अंधेरे में नाले तक ले जाकर फेंक दिया. एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मामले का जल्द खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.