मुजफ्फरनगर के मोरना में चोरी का मामला: जांच शुरू

मुजफ्फरनगर। मोरना में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के बाद बाइक सवार चोरों का सीसीटीवी फुटेज और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

यह घटना दो दिन पहले भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में हुई थी। चोरों ने एक गैस वितरक की दुकान को निशाना बनाया और गल्ले से लगभग 38,000 रुपये की नकदी चुरा ली। चोरी के बाद बाइक सवार चोर मौके से फरार हो गए थे।

गांव मोरना निवासी साजिद अंसारी, जो घरेलू गैस सिलेंडर वितरण का काम करते हैं, ने बताया कि वे जुमे की नमाज अदा करने गए थे। उन्होंने अपनी बेटी को दुकान पर छोड़ा था। इसी दौरान एक पुरुष और एक महिला ग्राहक बनकर दुकान पर आए। उन्होंने सामान खरीदने के बहाने साजिद की बेटी को बातों में उलझाया और गल्ले में रखी नकदी चुरा ली।

नकदी चुराने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। जब साजिद अंसारी नमाज अदा कर लौटे, तो उन्होंने गल्ले का ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। आसपास लगे सर्विलांस कैमरों में बाइक सवार महिला और पुरुष कैद हो गए। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो को पीड़ित साजिद ने आरोपियों का बताया है। वायरल फोटो में एक पुरुष बाइक चला रहा है और पीछे एक महिला बैठी है। बाइक की नंबर प्लेट पर पॉलीथिन लटकी हुई दिख रही है, जिससे संभवतः पहचान छिपाने की कोशिश की गई है। इस फोटो के वायरल होने से घटना के शीघ्र खुलासे की उम्मीद जगी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।