मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा तस्करी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके कब्जे से पुलिस ने कुल 814 किलोग्राम अवैध गांजा, एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और 2680 रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि थाना नई मंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप ट्रक में लोड होकर जा रही है। इस टिप-ऑफ के आधार पर पुलिस ने पीछा किया और नई मंडी थाना क्षेत्र में ट्रक को पकड़ लिया।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 8 करोड़
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से 814 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि भारतीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 8 करोड़ रुपये तक बताई जाती है।
उड़ीसा-आंध्र प्रदेश बॉर्डर से हो रही थी तस्करी
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के बॉर्डर के पास विजय नगर के आसपास के इलाकों से कई बार चक्कर लगाकर गांजे की तस्करी करते थे। वे अलग-अलग सामानों की बिल्टी बनवाकर, उसके बीच में गांजे को छिपाकर लाते थे और फिर छोटी गाड़ियों से विभिन्न जिलों में इसकी सप्लाई करते थे।
उन्होंने बताया कि इस तस्करी रैकेट में दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं, जो पुरकाजी और जनपद शामली के रहने वाले हैं। पुलिस उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज भी खंगाल रही है। एसएसपी ने यह भी बताया कि डीआईजी के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत अब तक 25 करोड़ रुपये के माल की बरामदगी की जा चुकी है।
पुलिस टीम पुरस्कृत
मादक पदार्थ तस्करी करने वाले इन दो आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली थाना नई मंडी की पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।