मुजफ्फरनगर। मोरना ब्लॉक के बेहड़ा सादात में बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह घटना ककरौली क्षेत्र में हुई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक महिला की पहचान बेहड़ा सादात निवासी बाला पत्नी सुंदर बाल्मीकि के रूप में हुई है। वह घरों से कूड़ा-कचरा उठाने का काम करती थीं। घटना के समय वह कूड़ा फेंकने जा रही थीं, तभी मोरना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और केंद्रीय एंबुलेंस सेना बल की रोड सेफ्टी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल महिला को तुरंत भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महिला को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने बाला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।