मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना में बायवाला पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक दुकान में चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने एक खोखे (दुकान) से हजारों रुपए का सामान चुरा लिया, जिससे दुकानदार प्रदीप को भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित दुकानदार प्रदीप, जो रणबीर सिंह के पुत्र और सेठड़ी के निवासी हैं। बताया कि चोरों ने उनकी दुकान से कोल्डड्रिंक, इन्वर्टर, बैटरी और सोलर प्लेट सहित कई कीमती सामान पर हाथ साफ किया। चोरी का पता उन्हें सुबह दुकान खोलने पर चला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
यह पहली बार नहीं है जब प्रदीप की दुकान को निशाना बनाया गया है। दो महीने पहले भी चोरों ने उनकी दुकान में सेंधमारी का प्रयास किया था, लेकिन तब वे सफल नहीं हो पाए थे। इस बार चोर पूरी तैयारी के साथ आए और रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रदीप ने बताया कि चोरी गया सामान उनकी आजीविका का मुख्य साधन था, और इस नुकसान से उन्हें गंभीर आर्थिक क्षति हुई है। स्थानीय लोगों ने भी बायवाला चौराहे जैसे व्यस्त इलाके में, पुलिस चौकी के इतने करीब होने के बावजूद, चोरों के बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने पर चिंता व्यक्त की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।