मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक विवाहिता की जान दहेज के कारण जाने का मामला सामने आया है। विवाहिता की मौत के बाद पिता को किए गए आखिरी कॉल की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें मृतका की पीड़ा को साफ सुना जा सकता है। वह अपने पिता को कहती है कि ‘पापा, ये लोग मुझे मार डालेंगे। प्लीज मुझे बचा लो।’ बेटी की पुकार सुनकर पिता ने परिजनों को उसके ससुराल भेजा। लेकिन, परिजन जब तक वहां पहुंचे, बेटी फंदे पर लटकी हुई थी। परिजनों ने उसके शव को फंदे से उतारा। भतीजा उसे गोद में उठाकर अस्पताल ले गया। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पिता ने दर्ज कराया केस
मृतक युवती के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मृतका के ससुरालीजन लगातार दहेज का दबाव बना रहे थे। पति आकाश, सास, जेठ रजत और चाचा प्रमोद धनगर समेत सुसरालीजन उससे 20 लाख रुपये और कार लाने की मांग कर रहे थे। इसको लेकर बेटी स्नेहा को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामला गरमाने के बाद पिता ओर बेटी के बीच कॉल की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें लड़की रोते हुए प्रताड़ना का जिक्र करती दिख रही है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस भी एक्शन में आई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वायरल ऑडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग के कारण मौत का मामला सामने आया है। लड़की की मौत के मामले में पति को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश चल रही है।
क्या है पूरा मामला?
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में 20 वर्षीय स्नेहा और पड़ोसी 24 वर्षीय दीपक खटीक के बीच प्रेम संबंध था। दोनों का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। परिवार नहीं माना तो दोनों 2024 में घर छोड़कर भाग गए। दोनों एक माह तक एक साथ रहे। इसके बाद घरवाले शादी के लिए मान गए। लेकिन, स्नेहा का परिवार इस शादी के बाद गांव छोड़ दिया। वे लोग दिल्ली रहने चले गए। आकाश बुढ़ाना के वाटर पार्क में नौकरी करता था।
आकाश के परिजन उसकी स्नेहा के साथ शादी को लेकर खुश नहीं थे। दोनों ने भागकर शादी की। इस कारण परिवार को दहेज भी नहीं मिला। इस कारण स्नेहा को ताना भी मारते थे। शादी के बाद प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। पिता का आरोप है कि स्नेहा के साथ मारपीट की जाती थी।
पिता के गंभीर आरोप
स्नेहा के पिता दीपक कुमार का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने पहले प्रताड़ित किया। इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। मारपीट का रिकॉर्डिंग होने का भी दावा उन्होंने किया। दीपक कुमार ऋषिकेश में हलवाई का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पड़ोसी ने मुझे बताया कि तुम्हारी बेटी को मारकर फंदे पर लटका दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई। वे कहते हैं कि मेरी बेटी के साथ और किसी के साथ न हो।
स्नेहा के कॉल का आया ऑडियो
इस बीच स्नेहा के अपने पिता से बातचीत का ऑडियो सामने आया है। इसमें स्नेहा कहती सुनाई देती है कि रोटी कम बनाने पर बेरहमी से मारपीट की गई। वह रोते-रोते कहती है कि ‘पापा, मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार देंगे’। दीपक इस कॉल में बेटी से कहते हैं कि काम के सिलसिले में बाहर हूं। अभी तुरंत नहीं आ सकता। उन्होंने स्नेहा को किसी तरह मां के पास जाने को कहा। हालांकि, पिता और बेटी की यह आखिरी बातचीत साबित हुई।
स्नेहा के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं सुनियोजित साजिश रचकर हत्या किए जाने का दावा किया। इस बीच अस्पताल का भी एक वीडियो आया है, जिसमें स्नेहा को गोद में उठाकर ले जाया जाता देखा जा रहा है। पिता और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।