शुक्रताल में गंगा स्नान के दौरान तीन श्रद्धालुओं की मौत, 10 साल की बच्ची डूबी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध तीर्थ नगरी शुक्रताल, मुजफ्फरनगर में रविवार (28 जून) को गंगा स्नान के दौरान तीन अलग-अलग दर्दनाक हादसों में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इनमें 10 वर्षीय बालिका भी शामिल है. एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है.

सबसे पहले बिजनौर के फतेहपुर कला गांव निवासी मनीष गंगा स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसके साथी राजन ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी. दोनों तेज बहाव में फंस गए. गोताखोरों ने मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला. अस्पताल ले जाने पर राजन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मनीष का इलाज जारी है.

बागपत के हिमांशु और बिजनौर की बालिका रागिनी भी डूबे
दूसरे हादसे में बागपत जनपद के बिजवाड़ा गांव निवासी हिमांशु गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया. उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीसरे घटना में बिजनौर के नगला गांव की 10 वर्षीय बालिका रागिनी गंगा स्नान के दौरान डूब गई, उसकी भी मौत हो गई. तीनों घटनाओं से शुक्रताल में शोक का माहौल छा गया है.

सत्संग के कारण उमड़ी भीड़, गहरे पानी में फंस गए श्रद्धालु
दरअसल, रविवार को यहां एक बड़े सत्संग का आयोजन था, जिसके कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि भीड़ और गहरे पानी के कारण ये हादसे हुए. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायल मनीष का इलाज अस्पताल में चल रहा है. स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा स्नान के समय सावधानी बरतने की अपील की है.

मृतक राजन के गांव के लोगों ने बताया कि बच्चे स्नान के लिए आए थे. नहाते समय हादसा हो गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुक्रताल में हर साल गंगा स्नान के दौरान भीड़ बढ़ जाती है. प्रशासन को इस बार सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने पर और ध्यान देने की जरूरत है.