मुज़फ्फरनगर: मंसूरपुर क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से लौटी कुंतलेश त्यागी पत्नी स्व. सुबोध उर्फ डब्बू त्यागी ने अपने घर का मुख्य द्वार खोला। घर के भीतर का नज़ारा देख उनके होश उड़ गए—कमरे अस्त-व्यस्त थे, ताले टूटे थे और अलमारी का लॉकर भी गायब था।
जानकारी के अनुसार, कुंतलेश त्यागी अपनी एकमात्र पुत्री के ससुराल दिल्ली गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने सूने पड़े घर को निशाना बनाया और छत के रास्ते अंदर प्रवेश कर बड़ी सावधानी से पूरे मकान को खंगाल डाला। यह चोरी की दूसरी बड़ी घटना है; गौरतलब है कि करीब तीन वर्ष पहले भी चोरों ने उनके घर से दो गैस सिलेंडर चुरा लिए थे। पति और पुत्र को खो चुकीं कुंतलेश त्यागी घर में अकेली रहती हैं, जिसके कारण यह वारदात उनके लिए एक गहरा आघात लेकर आई है।
पीडि़ता द्वारा मंसूरपुर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, चोर घर से सोने के टॉप्स, चांदी के सिक्के व अन्य जेवर, गैस सिलेंडर, इनवर्टर की बैटरी, देसी घी, मिक्सर-जूसर मशीन, अनाज सहित अन्य मूल्यवान घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही राखी पब्लिक स्कूल पुलिस चौकी प्रभारी अमित चौधरी फ़ोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की गहन जांच की। उन्होंने पीडि़ता को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि चौकी प्रभारी अमित चौधरी समेत पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस चोरी का खुलासा किया जाएगा।