मुजफ्फरनगर में तीसरी पुलिस मुठभेड़: 28 मुकदमों वाला बदमाश शाहनवाज गोली लगने से घायल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच एक और मुठभेड़ हो गई। बुढाना कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे शातिर बदमाश शाहनवाज को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

CO बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह के अनुसार थाना बुढाना पुलिस बुढाना-बसी रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बाइक सवार बदमाश शाहनवाज पुत्र तरीकत, निवासी सरूरपुर, ज़िला मेरठ गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

सीओ के मुताबिक घायल बदमाश शाहनवाज एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी, नकबजनी समेत करीब 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।

घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और हालिया घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।