मुजफ्फरनगर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी रविवार रात गोलियों की आवाज से दहल उठी. देहरादून से पहुंचे एक युवक ने अपनी सास समेत तीन महिलाओं को गोली मार कर लहूलुहान कर दिया. महिलाओं को पहले जिला अस्पताल और फिर मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. आरोपी को युवक के पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे डायल-112 के माध्यम से पंचशील कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा गोली चलाकर तीन महिलाओं को घायल कर करने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस टीम ने घायल महिलाओं को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार तीनों महिलाओं की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का है. जांच में आया है कि अनन्त मित्तल पुत्र नवदीप मित्तल निवासी लाल थप्पड़, थाना डोईवाला, देहरादून की शादी वर्ष 2012 में पंचशील कॉलोनी निवासी राधिका मित्तल से हुई थी. पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है.
बताया गया कि रविवार को अनंत अपने पुत्र का जन्मदिन मनाने के उद्देश्य से पुत्र के साथ देहरादून से मुजफ्फरनगर अपनी ससुराल पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उसने गुस्से में आकर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से सास शमा मित्तल, चचिया सास सविता मित्तल और पत्नी राधिका मित्तल की भाभी अपूर्व मित्तल को गोली मार कर घायल कर दिया. आरोपी अनन्त मित्तल करके घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी असलहा भी कब्जे में ले लिया गया है. मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.