दौसा. राजस्थान एक बार फिर से एक नाबालिग लड़की के रेप केस से थर्रा उठा है. सूबे के दौसा जिले के सिकंदरा थाना इलाके में 10 साल की नाबालिग लड़की के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी रात के अंधेरे में लड़की को उसके घर से उठाकर ले गया और खेत में ले जाकर उससे रेप किया. वारदात का पता चलते ही पीड़िता के परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई और वे उसे लेकर अस्पताल भागे. वहीं पुलिस को भी जैसे ही घटना की सूचना मिली तो एसपी समेत अन्य आलाधिकारी घटनास्थल पहुंच गए.
जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की सोमवार रात को अपने घर पर सो रही थी. रात करीब 1 बजे घर में दरिंदा उसके घर में घुसा और उसे उठाकर कुछ दूरी पर खेतों में ले गया. वहां उसके साथ रेप कर उसे बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गया. घटना के समय पीड़िता के पड़ोस में शादी समारोह चल रहा था. घर के अधिकतर सदस्य शादी वाले घर में गए थे. दरिंदे ने इसी का फायदा उठाया और घर में सो रही नाबालिग का सोते समय अपहरण कर लिया. बाद में खेत में ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.
पीड़िता को जिला अस्पताल किया रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. पहले उसे सिकंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद दौसा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. दौसा जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड गठित कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पीयूष दीक्षित स्वयं मौके पर पहुंचे. उनके साथ ASP योगेंद्र फौजदार और शंकर लाल मीणा समेत डीएसपी धर्मराज चौधरी तथा सिकंदरा थानाधिकारी अशोक कुमार चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.
पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही है
मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए दौसा से FSL की टीम को बुलाया गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है. महिला अपराध एवं अनुसंधान सेल के ASP योगेंद्र फौजदार के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने दावा दिया है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आरोपी कौन है इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. माना जा रहा है कि वह पीड़िता का परिचित भी हो सकता है. बहरहाल पुलिस सरगर्मी से आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है.