सिरसा। जिले के गांव माधोसिंघाना के पास सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में महिला की मौत मामले में पुलिस ने मृतका के स्वजन के बयान पर राजस्थान रोडवेज के बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं घटना में गंभीर घायल युवक रवि का उपचार डबवाली रोड स्थित निजी अस्पताल में जारी है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई हे। माधोसिंघाना निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दुकानदारी का कार्य करता है।
सोमवार दोपहर वह ताज पैलेस माधोसिंघाना से मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहा था। उसके आगे उसके चाचा का लड़का रवि अपनी मां गोमती देवी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब रवि का मोटरसाइकिल गांव के डेरा सच्चा सौदा के पास चौक पर पहुंचा तो मल्लेकां की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रवि और गोमती देवी सड़क पर गिर गए और दोनों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। स्वजन ने घायलों को उपचार के लिए दिल्ली न्यूरो अस्पताल सिरसा पहुंचाया, जहां से गोमती देवी की गंभीर हालत को देखते हुए नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत होने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।