शाहपुर। गांव काकड़ा के पास डग्गामार टाटा मैजिक में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में टाटा मैजिक में सवार बेहड़ा सादात निवासी 40 वर्षीय गुलशाना व गांव सोरम निवासी 10 वर्षीय आशिफा की मौत हो गई। आधा दर्जन लोग घायल हो गए। एक अन्य हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार 65 वर्षीय जमशेद की मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर शामली बस स्टैंड से एक डग्गामार टाटा मैजिक में चालक गढ़ी दुर्गनपुर निवासी हरेंद्र लोगों को बैठा कर कस्बे की ओर आ रहा था। जब टाटा मैजिक गांव काकड़ा में स्थित स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टाटा मैजिक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से टाटा मैजिक में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई।
विज्ञापन
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को टाटा मैजिक से बाहर निकालकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया ।
इस हादसे में 40 वर्षीय गुलशना पत्नी इमरान निवासी बेहड़ा सादात थाना भोपा, 10 वर्षीय आसिफा पुत्री इरफान व उसकी 32 वर्षीय माता शाहिदा निवासी गांव सोरम , 30 वर्षीय अलकमा पत्नी फरमान निवासी सुभाष नगर मुजफ्फरनगर, 60 वर्षीय रमेश पुत्र कली राम निवासी गांव कुटबा, 16 वर्षीय असद पुत्र मौ. अहमद निवासी गांव पलड़ी, 55 वर्षीय रमेश जैन पुत्र हीरालाल निवासी कस्बा शाहपुर, 40 वर्षीय गुलशन पत्नी मेहरबान निवासी गांव बसी कलां घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचे घायलों में से चिकित्सकों ने बेहड़ा सादात निवासी गुलशाना व गांव सोरम निवासी 10 वर्षीय आशिफा को मृत घोषित कर दिया। जबकि गम्भीर घायल गांव कुटबा निवासी रमेश, कस्बा निवासी रमेश जैन, गांव पलड़ी निवासी असद व गांव बसीकलां निवासी गुलशन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।
घटना की सूचना पर मृतक व घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतका गुलशन के परिजनों ने बताया कि वह टाटा मैजिक में सवार होकर कस्बे में आ रही थी। जहां से उसे अपने मायके गांव पलड़ी जाना था। इसके अलावा मृतका 10 वर्षीय आसिफा अपनी माता के साथ अपनी मौसी के यहां से आ रही थी। पुलिस ने बताया कि टाटा मैजिक चालक गढ़ी दुर्गनपुर निवासी हरेंद्र भी घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से भाग गया है ।