मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र के वन सेंचुरी इलाके में अवैध खनन का मामला सामने आया है। मंगलवार रात शिकायत मिलने के बाद एसडीएम जानसठ राजकुमार ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से मिट्टी ले जा रहे दो डंपरों को जब्त कर लिया। यह घटना रूमालपुरी गांव की है, जो वन सेंचुरी क्षेत्र में आता है। रात के समय पोर्कलेन मशीन का उपयोग करके मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इस मिट्टी को राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना के लिए ले जाया जा रहा था।
अवैध खनन की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके तुरंत बाद एसडीएम जानसठ राजकुमार और नायब तहसीलदार अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने खनन में लगे दो डंपरों को अपने कब्जे में लेकर हैदरपुर वेटलैंड चौकी भेज दिया।
इस दौरान वन विभाग के एक दरोगा को भी फटकार लगाई गई। चर्चा थी कि वन विभाग का एक दरोगा रात में सेंचुरी क्षेत्र में अवैध खनन करा रहा था। नायब तहसीलदार अजय कुमार ने बताया कि मौके से दो डंपर जब्त किए गए हैं और सेंचुरी क्षेत्र में खनन का मामला वन विभाग के अंतर्गत आता है।
रेंजर अशोक कुमार शर्मा ने पुष्टि की कि वन विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि दो डंपर पकड़े गए हैं और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुजफ्फरनगर के डीएफओ अभिनव राज ने बताया कि पकड़ी गई गाड़ियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने दरोगा द्वारा मिलीभगत किए जाने के आरोपों को निराधार बताया।