मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर नई मंडी क्षेत्र में जानसठ फ्लाईओवर पर बाइक आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टकरा गई। हादसे में सोनू (35), उसकी पत्नी राधिका (30) और बेटी रिया (10) की मौत हो गई। चार साल का मासूम काला घायल है। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली।
मंसूरपुर क्षेत्र के जड़ौदा गांव निवासी सोनू, पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर देहरादून की ओर से वापस गांव लौट रहा था। रविवार रात जब वह जानसठ फ्लाईओवर पर पहुंचा तो उसकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों घायलों को स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान राधिका और रिया की भी मौत हो गई। मासूम काला को शहर के भोपा रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कौशल विकास राज्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली है।