मुजफ्फरनगर। देर रात शामली रोड पर हुए एक दुखद सड़क हादसे में बिहार के 40 वर्षीय युवक रहीस की मौत हो गई। वह यहाँ रोजी-रोटी कमाने के लिए कपड़े की फेरी लगाता था। हादसे के बाद से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह घटना सोमवार देर रात शहर कोतवाली क्षेत्र में डल्लू देवता मंदिर के पास हुई। बुढ़ाना चौकी इंचार्ज एसआई सुधीर यादव ने बताया कि उन्हें एक सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहाँ रहीस अपनी बाइक के पास गंभीर रूप से घायल पड़ा था, उसके सिर से काफी खून बह रहा था।
पुलिस ने तत्काल लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रहीस, जो निजाम शाह का बेटा था, चरथावल रोड पर एक मदरसे के पास झुग्गी में अपने साथियों के साथ अकेला रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे बिहार में ही रहते हैं।
बाइक फिसलने से हुआ हादसा
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि रहीस की बाइक अचानक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर गया और उसका सिर सड़क से टकरा गया। उसके सिर से लगातार खून बह रहा था।
हालांकि, कुछ लोगों और परिजनों का यह भी कहना है कि उसकी मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। परिजनों ने पुलिस से इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर को शव परिजनों को सौंप दिया।