मुजफ्फरनगर में पेड़ में लगी आग, राहगीर बाल-बाल बचे

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के न्याय पंचायत बहेड़ी क्षेत्र में रोहाना मिल के सामने खामपुर रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक पेड़ में आग लगने से उसकी डाल टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे कई राहगीर बाल-बाल बच गए।

यह घटना पेड़ के नीचे पड़े कूड़े के ढेर में आग लगने के कारण हुई। कूड़े की आग तेजी से पेड़ में फैल गई, जिससे पेड़ की शाखाएं जलकर कमजोर हो गईं और टूटकर सड़क पर आ गिरीं।

डालें गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सड़क के किनारे हटाया ताकि यातायात बाधित न हो और कोई और दुर्घटना न हो। गनीमत रही कि इस दौरान कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।

हालांकि, पेड़ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसके पूरी तरह से जल जाने के कारण कभी भी उसके गिरने का खतरा बना हुआ है। पेड़ के नीचे कूड़े के ढेर में आग अभी भी सुलग रही है, जिससे खतरा बरकरार है।