जानसठ। मुजफ्फरनगर के मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर पुट्ठी इब्राहिमपुर गांव के पास गन्ना ले जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण हुआ, जिससे राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया।
मीरापुर निवासी ट्रक चालक जय भगवान जानसठ कोतवाली क्षेत्र के सलारपुर गांव स्थित गन्ना क्रय केंद्र से टिकोला शुगर मिल जा रहा था। जैसे ही वह पुट्ठी इब्राहिमपुर गांव पार कर निर्माणाधीन मेरठ-पौड़ी राजमार्ग के पास पहुंचा, ट्रक का पहिया सड़क के गहरे गड्ढे में चला गया।
पहिया गड्ढे में जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर राजमार्ग के बीचोबीच पलट गया। इस दौरान मीरापुर की ओर आ रहे कार सवार बाल-बाल बच गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर क्रय केंद्र के ठेकेदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोडर की मदद से पलटे हुए ट्रक से गन्ना हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया जा सका।