बुढाना में दो बाइकों की टक्कर, 6 घायल:अटेरना गांव के पास हादसा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यह घटना बुढ़ाना के गांव अटेरना के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी छह लोग सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बुढ़ाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढ़ाना पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में हिमांशु (19 वर्ष) पुत्र धनप्रकाश और ईशा (18 वर्ष) पुत्री धनप्रकाश, निवासी आजमपुर मुल्सम्म, तथा गुड्डू पुत्र महेंद्र सिंह शामिल हैं। ये सभी अपनी बुआ मंगी पत्नी सोमपाल, निवासी दभेड़ी, के पारिवारिक कार्यक्रम से अपने घर मुल्सम्म लौट रहे थे।

सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार माजिद पुत्र साफिया, नाजिम पुत्र साफिया और गुलरेज पुत्र जमशेद भी घायल हुए हैं। ये लोग बुढ़ाना से अपने गांव दभेड़ी जा रहे थे।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। ग्रामीणों ने घायलों को सड़क से हटाकर मदद की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।