बेडशीट बेचने वाले चाचा-भतीजे को चोर समझकर पीटा:गलत बेल बजाने पर भीड़ ने लात-घूसों से मारा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में बेडशीट बेचने वाले चाचा-भतीजे को चोर समझकर भीड़ ने बेरहमी से पीटा। घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजिडेंसी कॉलोनी में हुई। पिटाई से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

खतौली निवासी आमिर मलिक और उनके भतीजे जावेद मलिक रविवार रात एक ग्राहक के बुलावे पर बेडशीट दिखाने वसुंधरा रेजिडेंसी कॉलोनी पहुंचे थे। इसी दौरान उनसे गलती से किसी दूसरे घर की घंटी बज गई, जिससे मोहल्ले के लोगों को उन पर चोर होने का शक हो गया।

देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बिना सच्चाई जाने दोनों चाचा-भतीजे को पकड़ लिया और चोर समझकर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। पिटाई से दोनों घायल हो गए और उनके कपड़ों पर खून के निशान दिखाई दिए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। नई मंडी के सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि शुरुआती जांच में आमिर मलिक और जावेद मलिक का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना गलतफहमी के कारण हुई। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।