उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार पुलिस ने शादी कराने के नाम पर सीधे-सादे परिवारों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपित महिलाओं के कब्जे से मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, पायल और बिछुए समेत कई आभूषण बरामद किए हैं.
ये तीनों ज्यादातर शादी के बाद अगले दिन या कुछ दिनों में झांसा देकर जेवर व नगदी लेकर फार हो जातीं थीं. पुलिस अब इनके गिरोह के मास्टर माइंड और सहयोगी को और तलाश कर रही है. जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा है.
शादी के नाम पर परिवार से की ठगी
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना छपार पुलिस ने यह कार्रवाई की. मामले में वादी ने 23 मई 2026 को थाना छपार में तहरीर देकर बताया था कि उसकी मुलाकात रविन्द्र पुत्र सग्गार निवासी ग्राम घुमावटी से हुई थी. रविन्द्र ने उसके पुत्र की शादी कराने के लिए एक रिश्ता बताया और फोन पर सोनाक्षी नाम की युवती का फोटो दिखाया. शादी कराने के नाम पर परिवार से धनराशि भी ली गई.
वादी के अनुसार हरिद्वार स्थित एक मैरिज होम में शादी कराई गई, जहां वधु को आभूषण दिए गए. शादी के अगले ही दिन युवती जेवर और नगदी लेकर फरार हो गई. शिकायत के आधार पर थाना छपार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई.
साजिश के तहत शादी न होने वाले परिवार बनते थे निशाना
पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए सोनाक्षी पुत्री वेदपाल, कामिनी पत्नी वेदपाल और आशा पत्नी राजेन्द्र निवासी दुर्गाविहार, थाना नजीबाबाद जनपद बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपिताओं ने बताया कि वे ऐसे परिवारों को निशाना बनाती थीं जिनके यहां शादी में परेशानी होती थी. गिरोह पहले रिश्ता तय कराता, फिर खर्चे के नाम पर पैसे लेता और शादी के एक-दो दिन बाद युवती जेवर व नगदी लेकर फरार हो जाती थी.