मुजफ्फरनगर में चचा, शादी करोगे और हड़प ली डेढ करोड की संपत्ति

मुजफ्फरनगर। अविवाहित पीड़ित व्यक्ति ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि दूसरे समुदाय के लोगों ने उसे नई दुल्हन दिलाने का झांसा दिया। उसका खतना भी करा दिया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शाहपुर थाना क्षेत्र में दूसरे समुदाय के छह लोगों ने शादी का झांसा देकर व नशा कराकर किनौनी निवासी अविवाहित 52 वर्षीय व्यक्ति की लगभग सवा करोड़ की संपत्ति हड़प ली। धर्म परिवर्तन कराने के उदेश्य से उसका जबरन खतना करा दिया। एक बाल अपचारी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पीड़ित के दो वाहन, खतना में प्रयुक्त उस्तरा बरामद कर लिया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि शाहपुर थाना पुलिस ने किनौनी के मूल निवासी और वर्तमान में सांझक में रहने वाले यामीन, उसके भाई गुलजार, साला तितावी के गांव अलीपुर के मूल निवासी व वर्तमान में शहर कोतवाली के मिमलाना रोड पर रहने वाले इकराम व परिचित तावली निवासी हाफिज शहनवाज व बुढ़ीना खुर्द तितावी निवासी नाई मुर्शीद को पकड़ा है। एक बाल अपचारी की भी मदद रही।

किनौनी निवासी पीड़ित ने बुधवार रात शिकायत की थी कि यामीन उसके गांव का रहने वाला है। अब वह सांझक में परिवार सहित रहता है। उसके पास पौने तीन बीघा जमीन थी। एक लड़की से शादी कराने का झांसा देकर व नशा कराकर पौन बीघा जमीन यामीन ने अपनी पत्नी के नाम करा ली। उसकी दो बीघा जमीन भी बिकवा दी। इस पैसे से भाई के नाम सौ गज का प्लॉट भी करा लिया।

कुछ पैसे से उसने अपना मकान बनवा लिया। एक ट्रैक्टर खरीद लिया। एक अर्टिगा गाड़ी उससे खरीदवा ली लेकिन उसे अपने साले इकराम के नाम करा लिया। एक साल पहले हाफिज की मदद से नाई को बुलवा कर धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से उसका जबरन खतना करा दिया। बताया कि एक बार तो उसे दूल्हा बनाकर तैयार भी करा दिया था, फिर बाद में बहाना बनाकर कैंसिल कर दिया।

एसएसपी से बताया कि जांच कराकर सभी छह आरोपियों को पकड़कर पीड़ित के दोनों वाहन व उस्तरा बरामद कर लिया। आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी। पीड़ित की हड़पी गई संपत्ति सीज की जाएगी।