मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में मेरठ-करनाल हाईवे पर गुरुवार सुबह एक मिनी ट्रक में भीषण आग लग गई। यह घटना फुगाना थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब धागों के बंडल ले जा रही डीसीएम अचानक आग का गोला बन गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक करनाल की ओर से मेरठ की तरफ जा रहा था। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुएं के गुबार से हाईवे पर हड़कंप मच गया और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही बुढ़ाना से दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फुगाना थाना पुलिस ने भी स्थिति को संभाला और जलती गाड़ी को खाली कराने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक ट्रक और उसमें लदे धागों के बंडल पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। दमकल विभाग के अनुसार, वाहन मुरादाबाद निवासी शमशेर खान के नाम पर पंजीकृत है। चालक का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।