मुजफ्फरनगर में ‘बयानों’ की जंग: सपा जिलाध्यक्ष को दी ‘दंगा’ दोहराने और दफ्तर फूंकने की धमकी

मुजफ्फरनगर। भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सोम द्वारा अभिनेता शाहरुख खान को लेकर दिए गए बयान के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। बयान के विरोध में समाजवादी पार्टी सामने आई तो वहीं संगीत सोम के समर्थन में करणी सेना मैदान में उतर गई, जिससे सियासी तनाव और बढ़ गया है।

संगीत सोम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जिया चौधरी ने तीखी टिप्पणी की थी। इसके बाद करणी सेना ने जिया चौधरी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की चेतावनी दी। करणी सेना के प्रदेश सचिव गौरव चौहान ने कहा कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

करणी सेना के नेताओं ने सपा नेता के बयान को अपमानजनक बताते हुए कहा कि इससे सनातन परंपरा और एक जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ही ऐसे मुद्दों पर विवादित राजनीति करती रही है।

गौरव चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि करणी सेना किसी भी कीमत पर अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी और सपा नेता को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भी मामले को गंभीरता से लेने की मांग की।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक ध्रुवीकरण साफ दिखाई दे रहा है। एक ओर समाजवादी पार्टी संगीत सोम के बयान का विरोध कर रही है, तो दूसरी ओर करणी सेना खुलकर भाजपा नेता के समर्थन में खड़ी नजर आ रही है।

बयानबाजी के इस दौर ने कानून व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।