मुजफ्फरनगर। नई मंडी में बुधवार को सड़क पर हाई वाेल्टेज ड्रामा हो गया। एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी ठीक नहीं होने के विरोध में ग्राहक ने जुलूस निकाला।
एयर कंडीशनर को ई-रिक्शा की छत पर रखकर माला पहनाई गई। उसके बाद शहर के मुख्य चौराहों से विरोध स्वरूप जुलूस निकाला गया। इसको लेकर ग्राहक और व्यापारी के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। नई मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
नई मंडी कॉलोनी निवासी आयुष जैन ने लगभग एक वर्ष पहले विशाल ट्रेडर्स से एयर कंडीशनर खरीदा था। आरोप है कि एसी लगातार खराब हो रहा था, जिसकी सर्विस नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर ग्राहक आयुष जैन स्वजन के साथ व्यापारी की दुकान पर पहुंचा। यहां पर विरोध प्रकट किया। समाधान नहीं होने पर ग्राहक ने विरोध में एसी को ई-रिक्शा की छत पर रखकर जानसठ रोड स्थित कंबल वाला, बालाजी चौक रोड, विश्वकर्मा चौक समेत भोपा रोड रेलवे ओवरब्रिज तक जुलूस निकालकर विरोध जताया।
आयुष जैन ने बताया कि उनकी समस्या हल नहीं होने पर यह जुलूस विरोध में निकाला गया। विशाल ट्रेडर्स के संचालक वासु गोयल मौके पर पहुंचे और इस तरह से जुलूस का विरोध जताया। इसको लेकर ग्राहक और व्यापारी के बीच नोकझोंक हुई।
मामला बढ़ता देख नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मामले की जांच की गई। व्यापारी वत्सल गोयल ने बताया कि एसी की जांच कराई थी, जिसमें उसकी मोटर में लगे बुश कटे हुए मिले हैं। इसकी गांरटी नहीं मिलती है।
ग्राहक द्वारा उन्हें बदनाम किया गया। वहीं, इंस्पेक्टर आनंददेव मिश्रा ने बताया कि ई-रिक्शा समेत एसी को कब्जे में लिया गया है। व्यापारी वासु गोयल और ग्राहक आयुष जैन के विरुद्ध शांति भांग की कार्रवाई की गई है। दोनों को जमानत मिल गई है।