युवक ने फांसी लगाकर दी जान, 3 साल की बेटी शव के पास बिलखती रही

मुजफ्फरनगर। पत्नी के मायके चले जाने से दुखी युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन वर्षीय बेटी शव के पास खड़ी हुई बिलखती रही। युवक ने फांसी लगाने से पहले पत्नी के मायकों वालों पर आरोप लगाते हुए मोबाइल पर वीडियो भी बनाई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खतौली के ग्रामीण भूड़ के मुहल्ला इस्लामनगर दीनू बस्ती निवासी 22 वर्षीय नाजिम खराद मशीन का कारखाना चलाता था। मंगलवार को उसके और पत्नी नजराना के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों का विवाद बढ़ने पर पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा लिया गया। उसने मायके वालों को जानकारी दी।

मायके वाले रात आठ बजे नजराना और उसके तीन बच्चों को अपने साथ ले गए, जबकि नाजिम की तीन वर्षीय बेटी उसी के पास रही। इस दौरान उसने कोई विरोध नहीं किया और पत्नी व बच्चों के जाने से आहत हो गया।

बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने घर में बच्ची के बिलखने की आवाज सुनी तो नाजिम के पिता और भाइयों की जानकारी दी। स्वजन मौके पर पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी लगी थी। लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंची, वहां कमरे के दरवाजे पर दुपट्टे से उसका शव लटका था, जबकि पास में ही खड़ी तीन वर्षीय बेटी रो रही थी।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहनता से जांच की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के पिता ने बताया कि नाजिम और उसकी पत्नी में कहासुनी हुई थी। इसके बाद मायके वाले नजराना को ले गए थे। रात में उसके भाइयों से मिला था। वह पत्नी के जाने से दुखी था।

सुबह उसके फांसी लगाकर आत्महत्या करने का पता चल सका। नाजिम ने फांसी लगाने से पहले मोबाइल पर वीडियो भी बनाई, जिसमें उसने आत्महत्या करने की वजह पत्नी के मायके वालों को बताया।