मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने पर युवक को मारी गोली

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के सुभाष नगर में सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणी को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। जाकिर कॉलोनी निवासी फैसल के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना नई मंडी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई, जब कुछ युवकों ने फैसल को घेरकर मारपीट की और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें घटना के कुछ दृश्य कैद होने की पुष्टि हुई है।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इरफान मलिक ने आरोप लगाया है कि उनके दोस्त फैसल पर हमला तब हुआ जब वह उनसे मिलने आया था। इरफान के अनुसार, आठ-दस युवकों ने फैसल को घेर लिया और उनके नाम को लेकर सवाल पूछते हुए हमला किया।

इरफान ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप में 11 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ का मामला उजागर किया था, जिस पर सपा के मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने तीखी टिप्पणी की थी। इरफान मलिक ने आशंका जताई है कि यह हमला साजिद हसन ने करवाया है।

एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया- गोली चलने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि घायल युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

इस घटना के बाद सुभाष नगर में तनाव का माहौल है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से स्थानीय लोग भयभीत हैं। क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।