West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है. पीएम मोदी ने कल प्रदेश में कई जनसभाओं को संबोधित किया तो आज गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया. इस पत्र को भाजपा ने ‘भरोसा पत्र’ नाम दिया है. यहां पर 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और 4 मई को परिणाम आएंगे.
यह दिखाएगा नया मार्ग
संकल्प पत्र जारी करने के बाद शाह ने कहा कि TMC बुरे सपने की तरह है, यह संकल्प पत्र बंगाल के हर तबके को निराशा से बाहर निकालने का एक मार्ग है. यह कई प्रकार की आशंकाओं से घिरे किसानों को बाहर निकलने का एक नया मार्ग दिखाएगा. प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत की जो कल्पना है, उस रोड मैप को भी यह संकल्प पत्र बंगाल की जनता के सामने रखेगा. जनता भयभीत और निराश है. जनता मन से परिवर्तन चाहती है. आज हम बंगाल की विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के रूप में काम कर रहे हैं.
घुसपैठिए की करेंगे पहचान
आगे कहा कि हम हर महीने महिलाओं को 3000 रुपए देंगे, 15 साल से ममता ने जनता को निराश किया है, बंगाल में भाजपा भरोसा का शासन स्थापित करेगी. हम पश्चिम बंगाल के लोगों से कहना चाहते हैं कि एक बार BJP पर भरोसा करें. डिटेक्ट, डिपोर्ट और डिलीट सिस्टम के जरिए हम हर घुसपैठिए की पहचान करेंगे और कार्रवाई करेंगे.
घुसपैठ रोकने के लिए सील होंगे बॉर्डर
जब BJP सत्ता में आएगी, तो घुसपैठ रुकेगी और गौ माता को तस्करों के हाथों से बचाया जाएगा. हम घुसपैठ रोकने के लिए बंगाल बॉर्डर को सख्ती से सील करेंगे. साथ ही, हम यह पक्का करेंगे कि एक भी गाय गैर-कानूनी तरीके से देश से बाहर न जाए. हम इसे पूरी सख्ती से लागू करेंगे.
चाय के लिए कमीशन बनेगा
इसके अलावा कहा कि चाय बागान के लिए एक कमीशन बनाएंगे, कोयला बालू पत्थर के अवैध माफिया राज को खत्म करने के लिए 100 दिन का रोड मैप बनाया जाएगा. 75 लाख लखपति दीदी बनाई जाएंगी, गर्भवती महिलाओं को 21 हजार की आर्थिक मदद और 6 पोषण किट दी जाएगी. कोलकाता के विकास के लिए एक कॉन्सेप्ट पेपर लाया जाएगा. हम पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत समेत BJP की सभी योजनाएं लागू करेंगे.
वंदे मातरम संग्रहालय की कल्पना
संकल्प पत्र में शाह ने यह भी कहा कि बंगाल की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए हम एक वंदे मातरम संग्रहालय की कल्पना लेकर आए हैं. इसके माध्यम से पूरे विश्व में बंगाल के कल्चर को प्रसिद्धि मिलेगी. हम घुसपैठ पर निर्णायक प्रहार करेंगे, हमने तय किया है कि 45 दिन में ही भारत सरकार के गृह मंत्रालय को जितनी भूमि उपलब्ध करानी है, वह बंगाल सरकार द्वारा कराई जाएगी.
बंगाल में लागू करेंगे UCC
आगे कहा भाजपा-शासित कई राज्यों ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी है. 6 महीने के भीतर, हम बंगाल में भी UCC लागू करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पूरे राज्य में सभी नागरिकों पर कानूनों का एक ही, समान सेट लागू हो.
संकल्प पत्र में बीजेपी के महत्वपूर्ण वादे
घुसपैठ के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति.
सभी सरकारी कर्मियों के 7 वां वेतनमान होगा.
3 हजार रुपए बुजुर्ग महिला को खाते में दिए जाएंगे.
सरकार बनते ही आयुष्मान योजना समेत सभी सरकारी सुविधाएं लागू की जाएंगी.
छह महीने में यूसीसी लागू करेंगे.
गो तस्करी पर रोक लगाएंगे.
1 करोड़ स्व रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे.
बेरोजगार युवाओं को 3 हजार प्रतिमाह दिए जाएंगे.
टीएमसी के लिए श्वेत पत्र लाया जाएगा.
राजनैतिक हत्याओं के लिए सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुआई में SIT बनाई जाएगी.
महिला सुरक्षा के लिए पुलिस बटालियन बनाई जाएगी.
किसानों के लिए आलू , धान और गेहूं के लिए योजना लाई जाएगी.
धान की 3100 msp पर खरीद होगी.
पुराने चाय बागानों का पुनर्जागरण किया जाएगा.
जूट उद्योग के लिए योजना लाएंगे.
उत्तर बंगाल के लिए एम्स, IIT और फैशन डिजाइनिंग का कॉलेज लाएंगे.
वंदे मातरम संग्रहालय बनाएंगे.
धार्मिक स्वतंत्रता के लिए काम किया जाएगा.
45 दिन के अंदर गृहमंत्रालय को जमीन देकर बाड फेंसिंग कराई जाएगी.
कोयला, बालू और पत्थर के अवैध कारोबार को 100 दिन के अंदर बांग्ला कर दिया जाएगा.
पारदर्शी तरीके से हो नौकरी भर्ती.
नगर निगम चुनाव के पहले कार्ययोजना बनाया जाएगा और 10 साल में कोलकाता का पूरा विकास किया जाएगा.
पुलिस भर्ती में 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाएगा.
महिला थाना बनाया जाएगा.
गर्भवती महिलाओं को 21 हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी.
आशा वर्कर का मानदेय बढ़ाया जाएगा.